फर्जी अधिकारी बनकर किसान से की 50 हजार की ठगी
गुमला जिले में ठगी का एक और मामला सामने आया है. जहां एक जालसाज ने खुद को कृषि विभाग का अधिकारी बताकर किसान को शिकार बना लिया. सदर थाना के तिरा डुमरटोली गांव निवासी किसान रूपेश उरांव से करीब 50 हजार रुपये ठग लिया. पीड़ित किसान ने सदर थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. रूपेश उरांव ने बताया कि बीते शनिवार को वह पटना में था. तभी उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया.
कॉल करने वाले ने खुद को कृषि विभाग का अधिकारी बताया और कहा कि उसकी मां के नाम पर महुआ और धान की खेती के लिए सरकारी योजना स्वीकृत हुई है. ठग ने यह भी भरोसा दिलाया कि बोरिंग के लिए 55 हजार रुपये की राशि दी जायेगी. जिससे खेती में सुविधा होगी. योजना का लाभ दिलाने के नाम पर उसने पहले क्यूआर कोड भेजकर 8630 रुपये ट्रांसफर कराये. इसके बाद अलग-अलग योजनाओं और सब्सिडी का हवाला देकर छह किश्तों में करीब 50 हजार रुपये और ऐंठ लिये. रूपेश ने बताया कि पैसे ट्रांसफर करने के बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया. तब जाकर उसे ठगी का अहसास हुआ. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
