गुमला

गुमला में स्कूली छात्रा से तीन माह में दो बार दुष्कर्म, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर किया वायरल

गुमला के एक गांव में 16 वर्षीय स्कूली छात्रा के साथ हुई दरिंदगी का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. आरोप है कि पड़ोसी गांव के तीन युवकों ने तीन महीनों के भीतर दो बार उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और इस दौरान बनाये गये आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. घटना की परतें तब खुलीं. जब वायरल वीडियो पीड़िता के परिजनों तक पहुंचा. अचानक सामने आयी इस सच्चाई से परिवार स्तब्ध रह गया.

पूछताछ के दौरान डरी सहमी छात्रा ने अपने साथ हुई ज्यादतियों का खुलासा किया. जिसे सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गयी. पीड़िता के मुताबिक फरवरी महीने में एक शादी समारोह के दौरान एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया. दुष्कर्म करने के बाद धमकी देकर चुप करा दिया. भय के कारण पीड़िता खामोश रही. पीड़िता ने बताया कि फरवरी महीने में वह सहेलियों के साथ एक शादी समारोह में गयी थी. जहां एक युवक ने उसे अकेला पाकर दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी. भय के कारण उसने यह बात किसी से साझा नहीं की. इसके कुछ दिनों बाद, सात मार्च को जब वह 9वीं कक्षा की परीक्षा देने स्कूल गयी थी. तब वही युवक उसे जबरन बाइक पर बैठाकर नदी किनारे ले गया. वहां उसके दो अन्य साथी पहले से मौजूद थे. तीनों युवकों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और इस दौरान उसका वीडियो भी बना लिया.

आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को ब्लैकमेल करते रहे और दो लाख रुपये की मांग की. डर के कारण वह घर में ही रहने लगी और स्कूल जाना भी बंद कर दिया. जब आरोपी युवकों की मांग पूरी नहीं हुई तो आरोपियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इधर वीडियो वायरल होने के बाद जब यह परिजनों तक पहुंचा. तब मामला सामने आया. पीड़िता ने परिवारवालों को आरोपियों के नाम पते भी बताये. परिजनों द्वारा जांच शुरू करने पर कुछ लोगों ने मामले को दबाने और समझौता कराने की कोशिश भी की. इसके बाद बुधवार को पीड़िता अपनी मां और अन्य परिजनों के साथ थाने पहुंची. वहां भी काफी देर तक समझौते की बातें होती रहीं. बावजूद घंटों मशक्कत के बाद पीड़िता व परिजनों ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी. आरोपियों में दो नाबालिग व एक बालिग बताये जा रहे है. पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने में जुट गयी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *