Video : गुमला में भारत माला सड़क का विरोध जारी, ग्रामीणों को समझाने पहुंचे अधिकारी बैरंग लौटे
Video : गुमला के लटठाटोली गांव में भारत माला सड़क परियोजना का विरोध जारी है. गांव के टाना भगत शिवालया कंपनी के खिलाफ खड़ा हो गये हैं. साथ ही टाना भगतों ने अपनी जमीन पर सड़क बनाने पर रोक लगा दिया है. इसके अलावा कंपनी द्वारा कई गांवों में आदिवासियों के धार्मिक सरना स्थल पर भी सड़क बनाने जा रही है. जिसका ग्रामीण विरोध कर रहे हैं. इधर, गुमला के प्रशासनिक अधिकारी लटठाटोली गांव पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किये. अधिकारी के साथ गुमला पुलिस के अधिकारी व जवान भी थे. अधिकारियों ने ग्रामीणों से सड़क बनाने में किसी प्रकार की अड़चन नहीं डालने की अपील की. लेकिन गांव के टाना भगत अपनी मांगों पर अड़े रहे और अपनी पूरखों की जमीन पर किसी भी हाल में सड़क नहीं बनाने देंगे का नारा बुलंद किया. घंटों तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला. इसके बाद अधिकारियों को बैरंग लौटना पड़ा.
ग्रामीणों ने कहा है कि भारत माला की सड़क को डायवर्ट कर लटठाटोली की ओर से बना रहा है. पहले जिस रूट पर सड़क प्रस्तावित था और स्वीकृति हुई थी. उस रूट पर सड़क बने. न कि गांव की खेती योग्य जमीन को नष्ट कर सड़क बने. ग्रामीणों ने यह भी कहा है कि अभी जिस रूट पर सड़क बनाने का काम किया जा रहा है. इस रूट पर हजारों पेड़ कट जायेंगे. पूरा जंगल खत्म हो जायेगा. पहाड़ भी नष्ट हो जायेगा. यहां तक कि सैंकड़ों एकड़ उपजाऊ भूमि भी सड़क पर चला जायेगा. इसके अलावा सड़क निर्माण के लिए घुसने वाली बड़ी गाड़ियों से दूसरे खेतों को भी नुकसान होगा. महिला समाज सेवी ज्योति कुजूर ने कहा है कि शिवालया कंपनी जानबूझकर गलत रूट पर सड़क बनाने पर अड़ी हुई है. इसमें गुमला प्रशासन की भूमिका संदेह में है. उन्होंने चिंता प्रकट किया कि यहां गरीबों की उपजाऊ जमीन लूटा जा रहा है. जंगल व पहाड़ नष्ट किया जा रहा है. धार्मिक स्थल तक को नष्ट किया जा रहा है. लेकिन यहां के नेता चुपी साधे हुए हैं.
