गुमला में अनोखा आंदोलन : अजीब नहीं, मेहनत की कमाई पाने की जंग है
यह कोई अजीब आंदोलन नहीं है. बल्कि अपने मेहनत के पैसे की डिमांड है. पांच माह से वेतन नहीं मिलने से नाराज आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने कुछ इस प्रकार का आंदोलन किया है. कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित तख्ती शरीर में चिपकाकर शहर में घूमते नजर आये. गुमला सदर अस्पताल में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने पिछले पांच माह से वेतन नहीं मिलने पर गहरा आक्रोश जताया है.
कर्मचारियों का कहना है कि लगातार वेतन नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई तथा दैनिक खर्च चलाना मुश्किल हो गया है. कर्मचारियों का आरोप है कि जहां स्थायी कर्मचारियों को नियमित रूप से वेतन मिल रहा है. वहीं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है. कुछ कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि अपनी समस्या उठाने पर उन्हें धमकी दी जा रही है.
आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने सवाल उठाया है कि आखिर पांच महीने तक बिना वेतन के वे कैसे काम करें और अपने परिवार का पालन-पोषण कैसे करें. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अविलंब बकाया वेतन का भुगतान कराने, मामले की निष्पक्ष जांच करने तथा कर्मचारियों के साथ हो रहे कथित दुर्व्यवहार पर उचित कार्रवाई की मांग की है.
