बारिश का कहर: फसिया पंचायत की नदी टोली जलमग्न, घरों में घुसा पानी, सांप-बिच्छू का खतरा, देखें Video
गुमला शहर से सटे फसिया पंचायत के नदी टोली गांव का कुछ हिस्सा बारिश के कारण जलमग्न हो गया. कई घरों में पानी घुस गया. इस गांव में गरीब परिवार निवास करते हैं. लोग संकट में हैं. लेकिन न तो यहां के नेता और न ही अधिकारी गांव का दौरा किये. जबकि बारिश के कारण लोगों की परेशानी बढ़ते जा रही है. जिन लोगों के घर में पानी घुसा है. वे लोग गुमला विधायक को खोज रहे हैं. लोगों का कहना है कि वोट लेने के समय तो भाई भतीजा बन जाते हैं.
परंतु, चुनाव जीतने के बाद गायब हो जाते हैं. इधर, नदी के किनारे बसे इस गांव में हर वर्ष नदी का जलस्तर बढ़ने पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगता है. ग्रामीणों का कहना है कि तेज बहाव के कारण नदी का पानी घरों में घुस गया है. जिससे लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया. रात में लोगों को सोने से पहले सुरक्षित और ऊंचे स्थान की तलाश करनी पड़ती है. ताकि वे चैन की नींद ले सकें.
वहीं इस जलजमाव के कारण घरों के सामान व खाद्यान्न खराब हो गया है. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के पानी के साथ सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव भी घरों तक पहुंच जाते हैं. इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ जाती है. कई बार लोगों को अपना घर छोड़कर रिश्तेदारों या अन्य सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ती है. ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से मांग किया है कि नदी किनारे मजबूत तटबंध या सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जाये, ताकि बरसात के दिनों में गांव को बाढ़ के खतरे से बचाया जा सके.
