झारखंड

आरएसएस कार्यालय पेट्रोल बम हमला केस : आरोपियों की ट्रैवल हिस्ट्री खंगाल रही एटीएस

झारखंड की राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर 16 जून की देर रात पेट्रोल बम से हुए हमले में गिरफ्तार और साजिश में शामिल आरोपियों की ट्रैवल हिस्ट्री निकालने में एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) की टीम जुट गयी है. इसमें यात्रा की तारीखें, गंतव्य और ठहरने की अवधि का ब्योरा एकत्र किया जा रहा है. इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी और रेलवे प्रबंधन से आरोपियों के यात्रा का विवरण लिया जा रहा है.

साथ ही आरोपियों ने कहां से पासपोर्ट बनाया और उन्हें देश से बाहर जाने का वीजा किस आधार पर मिला, इसकी भी जानकारी ली जा रही है. अभी तक की जांच में यह बात सामने आयी है कि गिरफ्तार अमन अंसारी दुबई और अमृतसर गया था. अमन अंसारी के अलावा सैफ अंसारी और सायम सुजान भी मामले में गिरफ्तार किये गये थे. जांच एजेंसी को शक है कि पर्दे के पीछे और भी शातिर शामिल हो सकते हैं.

उल्लेखनीय है कि एटीएस ने सोमवार को आरएसएस कार्यालय पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया था. टीम ने परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू की. डिजिटल फॉरेंसिक विशेषज्ञ फुटेज का विश्लेषण कर संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने में जुटे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *