सिमडेगा : महिला हॉकी टीम की कप्तान के गांव में नेटवर्क गायब, पानी का भी संकट
भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे के गांव बड़कीछापर में पेयजल और मोबाइल नेटवर्क की सुविधा देने की मांग की गयी है. इसे लेकर डीसी के नाम आवेदन देकर गांव में बुनियादी सुविधाओं को देने का अनुरोध किया गया है. आवेदन के अनुसार सदर प्रखंड की बड़कीछापर पंचायत के अंतर्गत गांव में सलीमा टेटे के घर के पास पेयजल की सुविधा देने की आवश्यकता है.
वहीं गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण लोगों को फोन कॉल करने और संदेश भेजने में परेशानी होती है. आवेदन में सलीमा टेटे के अलावा गांव के अन्य लोगों के भी हस्ताक्षर हैं. बड़कीछापर गांव में लंबे समय से कमजोर नेटवर्क की समस्या है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं. लेकिन इस ओर न तो जनप्रतिनिधि और न ही अधिकारी ही ध्यान दे रहे है.
वहीं जिले के डीसी कंचन सिंह ने बताया कि गांव में बोरिंग सूख गयी है. तत्काल नयी बोरिंग लगाने का आदेश दिया गया है. नेटवर्क को लेकर डीसी कंचन सिंह ने बताया कि 2023 में भी बीएसएनएल को बड़कीछापर में नेटवर्क की सुविधा बहाल करने के लिए लिखा गया था. लेकिन लिस्ट में बड़कीछापर गांव का नाम नहीं आया.
