गुमला

सिसई में 145 करोड़ की हर घर नल-जल योजना चार साल बाद भी अधूरी, मंत्री ने ठेकेदार और अभियंताओं को लगाई फटकार

सिसई प्रखंड के पोड़ा पाहन टोली में शुक्रवार को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने 145 करोड़ रुपये की लागत से बन रही हर घर नल-जल योजना के पावर प्लांट इंटेक वेल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान निर्माण कार्य की धीमी गति और गुणवत्ता में कमी को लेकर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए ठेकेदार और अभियंताओं को जमकर फटकार लगाई. उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी.

मंत्री ने सवाल उठाया कि ढाई साल में पूरी होने वाली योजना चार साल बाद भी अधूरी क्यों है और ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में आखिर कितना समय लगेगा. उन्होंने जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया. जानकारी के अनुसार, योजना का अब तक करीब 80 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है. हैरानी की बात है कि चार साल बाद भी पोड़ा पाहन इंटेक वेल का ट्रायल नहीं हुआ है. कई जगह पानी की टंकियां अधूरी हैं और पाइपलाइन बिछाने का काम भी बाकी है. इंटेक वेल से मुख्यालय स्थित जल भंडारण केंद्र में पानी पहुंचाया जाना है. निरीक्षण के दौरान विभाग के सचिव, वरीय पदाधिकारी, गुमला के कार्यपालक, सहायक एवं कनीय अभियंता तथा ठेकेदार मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *