गुमला

डकैती की योजना बना रहे छह अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार

गुमला के रायडीह थाना की पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए डकैती की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. पुलिस ने घटना को अंजाम देने से पहले ही योजना बना रहे छह अपराधियों को एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है. शनिवार को रायडीह थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चैनपुर एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल ने मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि 22 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि रायडीह थाना के जमगाई गांव में देवलाल खड़िया के घर के पीछे कुछ अपराधी बड़ी डकैती की योजना बना रहे हैं.

सूचना के आधार पर थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित कर घेराबंदी की गयी. पुलिस ने मौके से चार आरोपियों वर्मा सिंह (40), देवलाल खड़िया (35), अनिल साहू (32) और रितेश दास (31) को धर दबोचा. तलाशी के दौरान अनिल साहू के पास से एक देशी कट्टा और जिंदा गोली बरामद हुई. पूछताछ में अपराधियों ने डकैती की योजना की बात कबूल की और अपने तीन अन्य साथियों के नाम बताये. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीताराम दास (35) और उमेश मांझी (33) को भी गिरफ्तार कर लिया. जबकि एक अन्य आरोपी फरार है.

पकड़े गये सभी छह अपराधियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. इस छापामारी अभियान को सफल बनाने में मुख्य रूप से थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव, एसआइ विनय कुमार साव, एएसआइ धनंजय सिंह और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *