256 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार, घाघरा पुलिस ने दो कार समेत लाखों का सामान किया जब्त
गुमला के घाघरा थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 256 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से दो कार, पांच स्मार्टफोन और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी बरामद की है. इस संबंध में घाघरा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 25 एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने प्रेस वार्ता कर बताया कि 24 जून की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेतरहाट रोड के रास्ते एक सफेद रंग की कार में दो युवक प्रतिबंधित नशीला पदार्थ लेकर चांदनी चौक की ओर आ रहे हैं और जिले के कुछ ड्रग तस्कर उनसे नशा खरीदने की फिराक में हैं. सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर घाघरा थाना पुलिस ने नगड़ी ढालान के पास घेराबंदी की.
छापेमारी के दौरान एक बिना नंबर की सफेद स्कॉर्पियो और एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर जेएच 01ई आर 5841 को संदिग्ध अवस्था में रोका गया. अंचलाधिकारी घाघरा की उपस्थिति में तलाशी लेने पर एक पारदर्शी प्लास्टिक पैकेट में 256 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ, पांच स्मार्टफोन और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद हुई. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी रोहित कुमार उर्फ दीपक ने बरामद पदार्थ को ब्राउन शुगर बताया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सासाराम-सागर क्षेत्र के आकाश सोनी से ब्राउन शुगर खरीदकर गुमला में बेचने आए थे.
प्रारंभिक पूछताछ में रौशन साहु तथा राज उर्फ शुभम नामक व्यक्ति को नशा बेचने की बात सामने आई है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों में पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र निवासी 21 वर्षीय रोहित कुमार, गढ़वा जिले के सोनपुरवा निवासी 27 वर्षीय रोहित कुमार उर्फ दीपक तथा गुमला के सीलाफारी निवासी 19 वर्षीय रौशन साहु शामिल हैं. तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. छापेमारी दल में अंचलाधिकारी घाघरा सुशील कुमार, घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह, सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार, पुलिस पदाधिकारी आदित्य कुमार तथा घाघरा थाना के जवान शामिल थे.
