गुमला

जहरीले सांप के डंसने से महिला व छात्र की मौत

गुमला में जहरीले सांप के डंसने से एक महिला और एक छात्र की मौत हो गयी. सांप डंसने के बाद परिजनों ने पीड़ितों को इलाज के लिये सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर गुरुवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया. पहली घटना गुमला के कसीरा मधुबन गांव की है. यहां 46 वर्षीय दशरी देवी की जहरीले करैत सांप के डंसने से मौत हो गयी. मृतका के पुत्र दिनेश साहू ने बताया कि बुधवार की रात भोजन करने के बाद परिवार के सभी सदस्य जमीन पर सो रहे थे. इसी दौरान एक जहरीले करैत सांप ने उसकी मां को डंस लिया.

परिजन उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल गुमला लेकर पहुंचे. जहां गुरुवार की सुबह करीब चार बजे इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं दूसरी घटना बसिया प्रखंड के बेलगांव करमटोली गांव की है. यहां निर्मल तिर्की के 17 वर्षीय पुत्र माइकल तिर्की की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गयी. माइकल संत जोसेफ स्कूल में इंटर का छात्र था. परिजनों के अनुसार वह बुधवार की मध्य रात्रि घर में जमीन पर सोया हुआ था. तभी एक जहरीले सांप ने उसे डंस लिया. गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल लाया गया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *