गुमला

पड़ोसी ही निकला लाखों रुपये चोरी का मास्टरमाइंड, जेवर समेत नकदी बरामद

गुमला शहर के आंबेडकर नगर स्थित कुरैशी मुहल्ला में 30 जुलाई की तड़के हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जिस घर में चोरी हुई. उसी के आसपास रहने वाला पड़ोसी युवक ही चोरी का आरोपी निकला. पुलिस ने मोहित राम को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से चोरी किये गये जेवर और अन्य सामान भी बरामद हुआ है. मामले का खुलासा करते हुए गुमला थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि आंबेडकर नगर कुरैशी मुहल्ला निवासी फिरोज आलम के घर में 30 जुलाई की रात करीब तीन बजे चोरी हुई थी.

चोर घर में घुसकर उनकी पत्नी सुबी प्रवीण के लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया था. घटना के दौरान घरवालों की नींद खुल गयी थी. उन्होंने चोर को पकड़ने का प्रयास भी किया था. लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला. हालांकि भागने की जल्दबाजी में चोर अपना चप्पल और टॉर्च घटनास्थल पर छोड़ गया था. इसके बाद पीड़ित ने गुमला थाना में अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की. घटनास्थल से मिले सुराग और पुलिस की जांच के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की गयी. जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को मोहित राम पर संदेह हुआ.

पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान चोरी की घटना में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किये गये सोने के जेवर समेत अन्य सामान बरामद कर लिया है. पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी की घटना को अंजाम देने में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं. आंबेडकर नगर की चोरी का खुलासा होने और आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *