वर्षों बाद पालकोट में फिर हुई पोस्टरबाजी, पोस्टर चिपकाकर पुलिस को दी चुनौती
गुमला जिला अंतर्गत पालकोट प्रखंड मुख्यालय के मुख्य बाजार इलाके में शुक्रवार की रात क्रांतिकारी युवा संगठन नामक एक नये कथित आपराधिक संगठन ने तीन अलग-अलग स्थानों पर चेतावनी भरे पोस्टर चिपकाकर सनसनी फैला दी है. इस घटना ने प्रखंड मुख्यालय में दहशत का माहौल बना दिया है और सीधे तौर पर पुलिस को चुनौती दी है. चिपकाये गये पोस्टरों में संगठन ने एक दिन पूर्व संजय गांधी चौक के पास घर के बाहर खड़ी एक पिकअप वाहन में आग लगाने की जिम्मेदारी ली है और इसे अपनी उपस्थिति दर्ज कराना बताया है.
उल्लेखनीय है कि पूर्व में पिकअप में लगी आग का कारण शॉट सर्किट बताया गया था, परंतु अंदरूनी सूत्रों के अनुसार पालकोट पुलिस की गश्ती दल ने उस आग को बुझाया था और मौके से एक पर्चा भी बरामद किया था. कमांडर बल्लू उर्फ बलराम उर्फ खलनायक के नाम से जारी इन पोस्टरों में खुद को गरीबों और असहायों का मसीहा बताया गया है, जबकि गद्दारों, बेईमानों और दलाली करने वालों को सुधर जाने या जान से हाथ धोने की चेतावनी दी गयी है. पोस्टरों में फिल्मी शायरी का भी उपयोग किया गया है. शनिवार सुबह जानकारी मिलने पर पालकोट पुलिस ने पोस्टरों को उखाड़कर अपने कब्जे में ले लिया. बरसों बाद मुख्यालय में इस तरह की पोस्टरबाजी ने पुलिस की कार्यशैली और रात्रि गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं.
सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गयी है. थाना प्रभारी तरुण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने का प्रयास कर रही है. हालांकि, जिस समय यह घटना घटी, उस दौरान बिजली कटी हुई थी. जिसके कारण सीसीटीवी फुटेज में काफी अंधकार दिखायी दे रहा है. उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है और बहुत जल्द इस मामले का उद्भेदन कर लिया जायेगा.
