गुमला

पालकोट : सरकारी इंतजार छोड़ ग्रामीणों ने संभाली सड़क की कमान, श्रमदान कर मिट्टी-मोरम से बनाया रास्ता

पालकोट प्रखंड के डहुपानी पंचायत स्थित लोटवा गांव में नवयुवक संघ के तत्वावधान में ग्रामीणों ने अधूरी सड़क को श्रमदान कर आवागमन योग्य बनाया. पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश नारायण सिंह उर्फ गुड्डू सिंह के नेतृत्व में जामछापर से तुमिलसोकरा जाने वाले मार्ग पर करीब आधा किलोमीटर दूरी तक मिट्टी-मोरम डालकर सड़क को दुरुस्त किया गया.

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र वन्य प्राणी क्षेत्र घोषित होने के कारण कई जगहों पर पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो सका है. इससे बिलिंगबिरा और डहुपानी पंचायत क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के लोगों को प्रखंड मुख्यालय के साथ-साथ अन्य स्थानों तक आवागमन में परेशानी होती है. सड़क की स्थिति खराब होने से बरसात के दिनों में ग्रामीणों की मुश्किल और बढ़ जाती है. ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है.

फिलहाल आवागमन की समस्या को देखते हुए ग्रामीणों ने स्वयं श्रमदान कर रास्ते को सुगम बनाया है. श्रमदान में केश्वर सिंह, विजय लोहरा, अमित उरांव, चंदन पाल सिंह, दिली नायक, विकास सिंह, संदीप राम, लव बड़ााइक, दीपक राम, ललित सिंह, विक्की नायक, कृष नायक, अनुराज उरांव, हिमांशु उरांव, दीपक किसान, कुलदीप नायक, आटा लोहरा, संजय सिंह समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *