गुमला

नगर परिषद गुमला में नौ जुलाई से कामकाज ठप रहेगा

गुमला के रसूखदार नेताजी द्वारा शहर का विकास ठप कराने से आक्रोशित बोर्ड की बैठक नगर परिषद कार्यालय में हुई. अध्यक्षता अध्यक्ष शकुंतला उरांव ने की. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पूर्व के आंदोलन की घोषणा के तहत नौ जुलाई से नगर परिषद के कामकाज को ठप किया जायेगा. अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सभी 22 वार्ड के पार्षद 10.30 बजे कार्यालय पर ताला जड़ेंगे. नगर परिषद में सिर्फ एसआइआर का कार्य होगा. बाकी सभी काम बंद रहेगा.

इस संबंध में बुधवार को नगर परिषद के प्रतिनिधियों ने गुमला एसडीओ को लिखित ज्ञापन सौंपा है. जिसमें नगर परिषद की स्थिति की जानकारी देते हुए कामकाज ठप करने की सूचना दी. साथ ही नौ जुलाई से कार्यालय में तालाबंदी की भी जानकारी दी गयी. अध्यक्ष ने कहा है कि दो जुलाई को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी वार्ड पार्षद उपायुक्त गुमला के समक्ष उपस्थित हुए थे.

उक्त बैठक को इतने दिन बीत गये हैं. परंतु अबतक उपायुक्त गुमला द्वारा इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गयी है और ना ही किसी प्रकार की सूचना दी गयी है. ऐसे में जनप्रतिनिधियों की मांग पर कोई ध्यान नहीं देना नगर परिषद के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने जैसा है. अध्यक्ष ने कहा है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत संपूर्ण बोर्ड की सहमति के उपरांत विकास कार्यों से जब तक रोक नहीं हटता है. तबतक, कार्यालय अंतर्गत प्रदान की जाने वाली सभी सेवाओं एवं कार्य (एसआइआर कार्य को छोड़कर) को अनिश्चित काल के लिए बंद किया जायेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *