गुमला में सर्पदंश की छह घटनाओं से दहशत, खेत से घर तक कहीं सुरक्षित नही है लोग
मानसून के साथ जिले में सर्पदंश की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. बुधवार को गुमला, घाघरा और सिसई थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर छह लोग जहरीले सांप के डंसने का शिकार हो गए. सभी घायलों को परिजनों ने आनन-फानन में सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
घायलों में सदर थाना क्षेत्र के अंबवा निवासी सोहैल अंसारी, घाघरा थाना क्षेत्र के ठेठआदर गांव निवासी लालदेव उरांव, गुमला थाना क्षेत्र के जोराडांड़ निवासी राजा अली, तरी गांव निवासी मालती कुमारी, सिसई थाना क्षेत्र के मंगलो गांव निवासी करमी देवी तथा लरंगो गांव निवासी किसान रामविलास साहू शामिल हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, सोहैल अंसारी घर के बाहर टहल रहे थे, तभी सांप ने उन्हें डंस लिया. लालदेव उरांव खेत जाने के दौरान सर्पदंश का शिकार हुए. राजा अली और मालती कुमारी को भी घर के आसपास सांप ने काट लिया. वहीं, करमी देवी को जमीन पर सोने के दौरान तथा किसान रामविलास साहू को खेत में काम करते समय सांप ने डंस लिया. लगातार सामने आ रही सर्पदंश की घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.
चिकित्सकों ने बारिश के मौसम में खेतों, झाड़ियों और घर के आसपास विशेष सतर्कता बरतने तथा सर्पदंश की स्थिति में बिना देर किए अस्पताल पहुंचने की सलाह दी है.
