गुमला

शादी समारोह से लौटने के बाद युवक ने की आत्महत्या

गुमला जिला अंतर्गत रायडीह प्रखंड स्थित सुरसांग थाना के सलकाया नचल गांव में बुधवार की सुबह 22 वर्षीय विपिन कुमार सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेज दिया है. परिजनों ने बताया कि विपिन मंगलवार की रात परिवार के साथ खाना खाकर सोया था. बुधवार सुबह जब घर के लोग जागे, तो देखा कि विपिन घर में नहीं है.

खोजबीन करने पर घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक करंज के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे उसका शव लटका हुआ मिला. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सुरसांग थाना पुलिस को दी. मृतक के पिता कृष्णा सिंह ने बताया कि विपिन पिछले दो साल से गोवा में रहकर काम करता था. वह एक महीने पहले ही गांव में आयोजित एक मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने घर आया था. आठ दिन पहले वह चाचा लक्ष्मण सिंह के यहां एक शादी समारोह में गया था. वहां से लौटने के बाद से ही वह उटपटांग हरकतें कर रहा था. उसकी दिमागी हालत कुछ दिनों से ठीक नहीं लग रही थी.

सूचना मिलते ही सुरसांग थाना प्रभारी अनिकेत कुमार गुप्ता दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा तैयार करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. हालांकि, आत्महत्या के ठोस कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. ताकि मौत की असली वजह स्पष्ट हो सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *