गुमला

हैदराबाद में गुमला का युवक बंधक, परिजनों को मिली धमकी

गुमला के जारी थाना अंतर्गत सीसी करमटोली निवासी मनीजर भारती ने अपने पुत्र गगन भारती के अपहरण और उसे अवैध रूप से बंधक बनाकर रखने के मामले में पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगायी है. पीड़ित पिता का आरोप है कि उनके 18 वर्षीय पुत्र को गांव के ही कुछ दबंगों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत गायब कर दिया है और अब उसे हैदराबाद में बंधक बनाकर रखा गया है.

क्या है पूरा मामला

युवक के पिता ने बताया कि 20 अगस्त 2025 को जब गगन भारती मोबाइल रिचार्ज कराने के नाम पर घर से निकला और वापस नहीं लौटा. परिजनों ने काफी खोजबीन की और थाने में सनहा भी दर्ज कराया. पीड़ित पिता का आरोप है कि गांव के ही विष्णु नायक, पूजा कुमारी और बिगल नायक ने मिलकर उनके पुत्र को बहला-फुसलाकर हैदराबाद भेज दिया. उन्हें जानकारी मिली है कि गगन को वहां बंधक बनाकर मजदूरी करायी जा रही है और उसके बैंक खाते एवं एटीएम कार्ड को भी आरोपियों ने अपने कब्जे में ले रखा है.

पंचायत में मिली धमकी

मामले को लेकर 26 अप्रैल 2026 को गांव में एक बैठक बुलाई गयी थी. आरोप है कि जब मनीजर भारती ने अपने पुत्र के बारे में पूछा, तो आरोपियों ने न केवल जानकारी देने से मना किया, साथ ही आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि अगर बेटे को खोजने आओगे तो मार डालेंगे. उन्होंने अपमानजनक टिप्पणी करते हुए गाय का मांस खिलाने और गंभीर परिणाम भुगतने की बात भी कही.

पुलिस से सुरक्षा की गुहार

पीड़ित पिता ने थक-हारकर 30 अप्रैल 2026 को गुमला एसपी को लिखित आवेदन देकर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करने और अपने पुत्र की सकुशल घर वापसी व जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगायी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *