Video : साड़ी खरीदने के दौरान बैग से 14 हजार गायब, कोनबीर बाजार में हड़कंप
करमा पूजा की तैयारी के लिए साड़ी खरीदने कोनबीर बाजार पहुंची एक महिला के पास से 14 हजार रुपये नकद चोरी होने का मामला सामने आया है. घटना मंगलवार की बताई जा रही है. पीड़िता तिर्रा निवासी ललित साहू की पत्नी है. परिजनों के अनुसार, घटना के बाद बाजार में काफी देर तक संदिग्ध महिला की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. पीड़िता के रिश्तेदार शिव शक्ति साहू ने बुधवार को बताया कि ललित साहू की पत्नी इलाज के लिए अस्पताल जाने के नाम पर 15 हजार रुपये लेकर निकली थी. अस्पताल में एक्स-रे कराने में करीब 1 हजार रुपये खर्च हो गए थे. शेष 14 हजार रुपये उसके पास मौजूद थे. करमा पूजा को लेकर साड़ी खरीदने के लिए वह मंगलवार को कोनबीर बाजार गई थी.
बताया गया कि बाजार में खरीदारी के दौरान एक महिला उसके आसपास खड़ी थी. इसी दौरान मौका पाकर उक्त महिला ने पीड़िता के पास रखे 14 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया और वहां से निकल गई. रुपये गायब होने का पता चलते ही पीड़िता ने आसपास तलाश शुरू की और संदिग्ध महिला का पीछा भी किया, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर गायब हो गई. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने पूरे बाजार में महिला की काफी खोजबीन की, मगर उसका पता नहीं चल सका. मामले की थाना में शिकायत करने की बात कही गई है.
परिजनों ने बताया कि स्थानीय बाजारों में महिलाओं के समूह द्वारा इस तरह की चोरी किए जाने की पूर्व में भी शिकायतें सामने आती रही हैं. ऐसे में बाजार में खरीदारी करने वाले लोगों से अपने रुपये और सामान को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है.
