गुमला

Video : सड़क विवाद ने लिया खूनी मोड़, महिला की कमर में घोंपा चाकू

गुमला सदर थाना क्षेत्र के छोटा अम्बवा गांव में बुधवार दोपहर सड़क की बदहाली दूर करने को लेकर शुरू हुआ विवाद चाकूबाजी में बदल गया. घटना में 28 वर्षीय गुलशन खातून गंभीर रूप से घायल हो गई. आरोप है कि पड़ोसी सदरे अंसारी और आलिया प्रवीण ने विवाद के दौरान उस पर चाकू से हमला कर दिया. चाकू गुलशन की कमर में जा धंसा. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई.

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान उसकी कमर में धंसा चाकू निकाला. हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे रांची रेफर कर दिया गया. सड़क सुधारने की कोशिश बनी विवाद की वजह बताया जाता है कि गुलशन और आरोपी दोनों पड़ोसी हैं. उनके घरों के बाहर से गुजरने वाली सरकारी सड़क लंबे समय से जर्जर और कीचड़ से भरी है. बारिश के दिनों में इस रास्ते से ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो जाता है. इसी परेशानी को देखते हुए गुलशन के पति जकिल अंसारी ने सड़क पर मोरम-मिट्टी गिरवाकर उसे चलने लायक बनाने का काम शुरू किया था.

इसी दौरान सड़क के नीचे पाइप डालकर बनाई गई नाली को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया. बताया जा रहा है कि सड़क पर मिट्टी-मोरम डाले जाने से सदरे अंसारी की नाली कथित रूप से ब्लॉक हो गई. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और मामला बढ़ गया. आरोप है कि इसी विवाद के दौरान गुलशन पर चाकू से हमला किया गया.

घटना के बाद गांव में तनाव

चाकूबाजी की घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार बताए जा रहे हैं. वहीं घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल है. ग्रामीणों के बीच इस बात की चर्चा है कि पुराना विवाद और बढ़ सकता है तथा दोनों पक्षों के बीच दोबारा टकराव की आशंका बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *