सिसई में धड़ल्ले से चल रहा था अवैध बूचड़खाना, प्रशासन ने मारा छापा, मांस-हड्डियों के अवशेष बरामद
गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र के बसिया रोड स्थित करंजबारी में संचालित एक अवैध बूचड़खाने पर हिंदू समाज की शिकायत के बाद प्रशासन ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने बूचड़खाने के एक कमरे से भारी मात्रा में मांस के टुकड़े और पशुओं को काटने में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए. वहीं, दूसरे कमरे से बड़ी मात्रा में हड्डियों के अवशेष मिले. कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने मौके पर मिली सभी सामग्री की मोबाइल से वीडियोग्राफी कराई और जांच के लिए मांस व अन्य अवशेषों के नमूने (सैंपल) भी एकत्र किए. बताया गया कि इससे पहले 6 जुलाई को भी शिकायत मिलने पर प्रशासन ने इस बूचड़खाने को सील किया था. उस समय संचालक इफ्तेखार अंसारी ने लिखित माफीनामा देकर भविष्य में ऐसा काम दोबारा नहीं करने का आश्वासन दिया था. इसके बाद पशुओं के अवशेषों को जमीन में दफना दिया गया था और मामला वहीं शांत हो गया था.
हालांकि, पिछले एक सप्ताह से पूरे इलाके में तेज बदबू फैल रही थी। शुरू में लोगों को लगा कि यह पहले दफनाए गए पशुओं के अवशेषों से आ रही है. लेकिन जब बदबू लगातार बढ़ने लगी और शनिवार रात फिर से पशुओं की कटाई होने की सूचना मिली, तब लोगों को शक हुआ. शिकायत के बाद प्रशासन ने छापेमारी की, जिसमें अवैध बूचड़खाने का फिर से खुलासा हो गया.
