Video : ‘मधुशाला’ नाटक ने दिया नशामुक्ति का संदेश, संत इग्नासियुस स्कूल में छात्रों ने बांधा समां
Video :नशामुक्ति का संदेश देने के साथ-साथ मनोरंजन पर आधारित “मधुशाला नाटक” का मंचन संत इग्नासियुस उच्च विद्यालय व इंटर कॉलेज गुमला में हुआ. संत इग्नासियुस लोयोला पर्व दिवस पर स्कूली बच्चों द्वारा मधुशाला नाटक प्रस्तुत किया गया. सोमवार को सैंकड़ों बच्चों ने नाटक देखा. नाटक का मंचन 28 जुलाई को भी संत इग्नासियुस हाई स्कूल में पीपी वनफल हॉल में होगा. स्कूल के एचएम फादर मनोहर खोया ने कहा है कि भारतीय समाज में नाटक केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज का दर्पण भी रहा है.
एक सशक्त सामाजिक नाटक अपने समय की समस्याओं को उजागर करते हुए दर्शकों को आत्मचिंतन के लिए प्रेरित करता है. “मधुशाला” ऐसा ही एक सामाजिक नाटक है. जिसमें प्रतिशोध, प्रेम, प्रायश्चित, पारिवारिक विघटन और मानवीय संवेदनाओं के साथ-साथ मद्यपान की विनाशकारी प्रवृत्ति को अत्यंत मार्मिक ढंग से चित्रित किया गया है. नाटक का कथानक यह स्पष्ट करता है कि प्रतिशोध की भावना केवल शत्रु का ही नहीं, बल्कि निर्दोष लोगों के जीवन का भी सर्वनाश कर देती है.
नाटक के मुख्य पात्र मनोहर अपने पिता के साथ हुए अन्याय का बदला लेने के लिए विनोद को शराब की लत में धकेल देता है. धीरे-धीरे यह व्यसन विनोद के व्यक्तित्व, उसके परिवार और उसके भविष्य को पूरी तरह नष्ट कर देता है. दूसरी ओर, मनोहर के हृदय में प्रेम और पश्चाताप का भाव जागता है. परंतु तब तक बहुत देर हो चुकी होती है. पिता की मृत्यु, निर्मला की आत्महत्या और विनोद का अपराध तथा पतन इस त्रासदी को और भी हृदयविदारक बना देते हैं. यह नाटक केवल एक परिवार की दुखद कहानी नहीं है. बल्कि समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी भी है कि नशे की लत मनुष्य की बुद्धि, विवेक, चरित्र और पारिवारिक सुख-शांति को नष्ट कर देती है.
साथ ही, यह संदेश भी देता है कि प्रतिशोध की अग्नि अंततः सबको जलाती है. जबकि प्रेम, क्षमा और सदाचार ही जीवन को सही दिशा प्रदान कर सकते हैं. इस प्रकार “मधुशाला” एक उद्देश्यपूर्ण सामाजिक नाटक है, जो मनोरंजन के साथ-साथ समाज को नशामुक्ति, नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का प्रभावशाली संदेश देता है.
