चैनपुर: बारिश ने उजाड़ दिया आशियाना, मलबे के बीच जिंदगी काटने को मजबूर ऑस्कर टोप्पो का परिवार
(चैनपुर से अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
चैनपुर (गुमला): प्रखंड के बेंद्रोरा पंचायत अंतर्गत छत्तरपुर गांव से एक विचलित करने वाली तस्वीर सामने आई है. यहाँ कुछ दिन पहले लगातार हुई मूसलाधार बरसात के कारण ग्रामीण ऑस्कर टोप्पो (पिता- स्वर्गीय पीयूष टोप्पो) का मिट्टी का मकान सुबह अचानक भरभरा कर ढह गया था. इस हादसे के कई दिन बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवार को कोई सरकारी सहायता नहीं मिली है. गरीबी और आर्थिक तंगी के कारण पीड़ित परिवार बिना किसी मरम्मत के आज भी उसी जर्जर, टूटे और खतरनाक घर के मलबे के बीच रहने को विवश है. इस खतरनाक मकान में छोटे-बड़े मिलाकर कुल 6 लोग रहते हैं, जिनकी जान पर चौबीसों घंटे खतरा मंडरा रहा है.
6 जिंदगियों पर चौबीसों घंटे खतरा, बची हुई दीवारें कभी भी गिर सकती हैं
पीड़ित ऑस्कर टोप्पो ने बताया कि कुछ दिन पहले जब अचानक घर की दीवारें गिरीं, तो परिवार के सभी 6 सदस्य बाल-बाल बच गए थे. उनके पास दोबारा घर बनाने या मरम्मत कराने के पैसे नहीं हैं. कोई वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण वे इसी खतरनाक और जानलेवा स्थिति में उसी घर में रात-दिन गुजार रहे हैं. बची हुई दीवारें पूरी तरह कमजोर हो चुकी हैं, जो कभी भी गिर सकती हैं और किसी बड़े हादसे को आमंत्रण दे रही हैं.
पीड़ित ने फिर लगाई गुहार अंचल प्रशासन से तत्काल राहत की मांग
हादसे के कई दिन बीत जाने के बाद भी सुध न लिए जाने पर पीड़ित ऑस्कर टोप्पो ने दोबारा प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार लगाई है. ग्रामीणों ने अंचल प्रशासन से मांग की है कि किसी अनहोनी का इंतजार किए बिना तुरंत इस गरीब परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत पीड़ित ऑस्कर टोप्पो के नुकसान का अविलंब आकलन कर सरकारी मुआवजा दिया जाए.
