गुमला

Video : गुमला में डायन-बिसाही के शक में खूनी वार, पत्नी की मौत, पति गंभीर घायल

गुमला के पालकोट थाना स्थित टेंगरिया पंचायत के टिभूटोली गांव में अंधविश्वास की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है. डायन-बिसाही के आरोप में शुक्रवार की सुबह करीब 9.30 बजे शत्रु खड़िया ने बुजुर्ग दंपती पर उनके ही घर में घुसकर धारदार हथियार (दौली) से काट दिया. हमले में पत्नी जटी खड़ियाईन की मौके पर ही मौत हो गयी. जबकि मृतका के पति बुधा खड़िया गंभीर रूप से घायल है. उसका इलाज गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. ताकि दोबारा प्रतिशोध में कोई घटना न घटे.

अंधविश्वास का कारण

ग्रामीणों ने बताया कि बहुर खड़िया का साला शत्रु खड़िया, जो कोलेंग पंचायत के गुड़मा टांगरटोली का निवासी है. घर में घुसकर दंपती पर ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गया. आरोप है कि बहुर खडिया के परिवार के सदस्य अक्सर बीमार रहते थे और वे इसका कारण जटी खड़ियाईन को मानते थे. इसी अंधविश्वास के चलते घटना को अंजाम दिया गया.

तीन लोगों को पकड़ा

घटना की सूचना समाजसेवी प्रेमचंद उरांव और भूषण सिंह ने पालकोट थाना की पुलिस को दी. थाना प्रभारी अंकित राज, एसआइ विश्वजीत चेतन, एसआइ रामचंद्र यादव एवं सशस्त्र बल मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए बहुर खड़िया, बेला देवी तथा समीर कुल्लू को हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने बेला देवी के घर से घटना में प्रयुक्त दौली भी बरामद कर जब्त कर ली है. गंभीर रूप से घायल बुधा खड़िया को 108 एंबुलेंस से सदर अस्पताल गुमला भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *