गुमला

जागरूकता अभियान : पुलिस ने कहा- ‘डायन’ जैसी कोई चीज नहीं, अंधविश्वास से बचें

डालसा गुमला और गुमला थाना की टीम ने शनिवार को मुरकुंडा पंचायत के कोटेंगसेरा गांव में डायन प्रथा के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया. इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि डायन प्रथा पूरी तरह अंधविश्वास है. लोगों से अपील की गई कि वे ऐसी अफवाहों से दूर रहें, वैज्ञानिक सोच अपनाएं और समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ मिलकर आवाज उठाएं.

एसआइ गौतम वर्मा, एसआइ बबीता कुमारी, एएसआइ सुषमा लोलांति खेस, पीएलवी प्रेम कुमार साह, राजेश सिंह, अंजनी देवी, जगसेनी देवी, परवेज अंसारी तथा मुरकुंडा पंचायत के उपमुखिया शिवदयाल साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

एसआइ बबीता कुमारी ने कहा है कि डायन प्रथा पूरी तरह अंधविश्वास है. जिससे स्वयं भी बचने और समाज को भी बचाने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि बीमारी होने पर लोगों को ओझा-भगत के पास जाने के बजाय डॉक्टर से इलाज कराना चाहिए. कुछ लोग निजी स्वार्थ के लिए अंधविश्वास फैलाकर समाज में नफरत का माहौल पैदा करते हैं. जिससे निर्दोष लोगों को डायन बताकर प्रताड़ित किया जाता है.

एसआइ गौतम वर्मा ने कहा कि सरकार समाज के विकास और लोगों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही है. जिनका लाभ जागरूक होकर उठाना चाहिए. उन्होंने कहा कि समाज में डायन प्रथा जैसी मान्यताओं का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है और इसके नाम पर किसी भी व्यक्ति को प्रताड़ित करना कानूनन अपराध है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *