दृढ़ संकल्प, प्रार्थना और अनुशासन से हर चुनौती पर विजय पायी जा सकती है : बिशप
संत पात्रिक स्कूल गुमला में मंगलवार को पुरोहितों के संरक्षक संत संत जोन मेरी वियानी पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया. इस अवसर पर स्कूल द्वारा विशेष प्रार्थना, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा अंतरवर्गीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गुमला धर्मप्रांत के बिशप लिनुस पिंगल एक्का एवं विशिष्ट अतिथि गुमला धर्मप्रांत के भीजी फादर जेफ्रेनियुस तिर्की, संत पात्रिक महागिरजा के पल्ली पुरोहित फादर इमानुएल कुजूर, स्कूल के प्राचार्य फादर नाबोर मिंज एवं संत इग्नासियुस के रेक्टर फादर फ्लोरेंस कुजूर, फादर रंजीत सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर और संत जोन मेरी वियानी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर किया.
बिशप लिनुस पिंगल एक्का ने अपने संदेश में कहा कि कड़ी मेहनत ही सफलता की वास्तविक कुंजी है. संत जोन मेरी वियानी का जीवन सिखाता है कि दृढ़ संकल्प, प्रार्थना और अनुशासन से हर चुनौती पर विजय पायी जा सकती है. फादर इमानुएल कुजूर ने कहा कि हमें संत जोन मेरी वियानी न केवल पुरोहितों, बल्कि पल्ली पुरोहितों के भी संरक्षक संत हैं. हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर ईश्वर और समाज की निःस्वार्थ सेवा करनी चाहिये.
फादर फ्लोरेंस कुजूर ने बच्चों को अच्छा संस्कार और ईश्वर केंद्रित व्यक्तित्व के निर्माण के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि वास्तविक सफलता केवल अधिक अंक पाना नहीं, बल्कि एक संस्कारित और ईश्वर-केंद्रित व्यक्तित्व का निर्माण करना है. वहीं विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग मनमोहन नृत्य व गीत की प्रस्तुती दी गयी. इससे पूर्व अंतरवर्गीय फुटबॉल प्रतियोगिता का विभिन्न वर्गों के बीच फाइनल मुकाबल खेला गया. प्रतियोगिता में विजेता व उपविजेता रहे टीमों के खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया. मौके पर स्कूल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे.
