चैनपुर में दो बाइकों की टक्कर, चौथी कक्षा के छात्र की मौत
गुमला के चैनपुर प्रखंड में गुरुवार को हुए सड़क हादसे में चौथी कक्षा के छात्र एलेक्स कुजूर की मौत हो गई. दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में एलेक्स के साथ मौजूद सत्या तिग्गा गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. घटना के बाद दोनों बाइक चालक मौके से फरार हो गए. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.
बताया गया कि एलेक्स कुजूर फुटबॉल खेलकर घर लौट रहा था. इसी दौरान वह सत्या तिग्गा के साथ था. थानाडड़ गांव के समीप पहुंचने पर तेज रफ्तार से आ रही दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि इसकी चपेट में आये एलेक्स और सत्या गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.
घटना की सूचना मिलने पर चैनपुर थाना के एएसआई संतोष धर्मपाल लुगुन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद एलेक्स कुजूर को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल सत्या तिग्गा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने मौके से दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है. घटना के बाद फरार हुए बाइक चालकों की तलाश की जा रही है. पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है. इधर, घटना की जानकारी मिलने पर जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं. उन्होंने मृतक छात्र के परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और उन्हें ढांढस बंधाया. हादसे के बाद थानांडड़ क्षेत्र में शोक का माहौल है.
