गुमला

उपायुक्त को अधिवक्ताओं ने समस्याओं के समाधान के लिये सौंपा 11 सूत्री मांग पत्र

जिला बार एसोसिएशन गुमला के तत्वावधान में बार भवन परिसर में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रवण साहू, उपाध्यक्ष राणा नकुल सिंह, सचिव ओमप्रकाश बाबूलाल आदि पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने जिले के नवनियुक्त उपायुक्त दिलेश्वर महतो का पुष्पगुच्छ और मालाओं के साथ गर्मजोशी से अभिनंदन किया. कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं ने उपायुक्त को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए एक 11 सूत्री मांग पत्र सौंपा. समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि गुमला जिला उनके लिये नया नहीं है, क्योंकि वे पूर्व में भी यहां विभिन्न पदों पर अपनी सेवायें दे चुके हैं. उन्होंने कहा कि मैं यहां की भौगोलिक और प्रशासनिक स्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हूं.

बार एसोसिएशन की समस्याओं को मैं प्राथमिकता के आधार पर जानता हूं. विशेष रूप से पेयजल की किल्लत पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि गुमला का एक बड़ा हिस्सा ड्राई जोन में आता है, जिससे यहां पानी की आधारभूत समस्या है. उन्होंने कनीय अभियंता को निर्देशित करने का आग्रह किया कि वे जल्द बार भवन का दौरा कर बोरिंग के लिये स्थल चयन करेंगे ताकि पानी की समस्या का तत्काल समाधान हो सके. उन्होंने अन्य मांगों पर भी चरणबद्ध तरीके से कार्य करने का आश्वासन दिया.

बार एसोसिएशन द्वारा सौंपे गए 11 सूत्री मांग पत्र में अधिवक्ताओं और मुवक्किलों के हितों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं. इसमें प्रमुख रूप से बार परिसर में पेयजल की स्थायी व्यवस्था, पूर्व उपायुक्त द्वारा आवंटित कैंटीन भवन का विस्तार, ऑनलाइन व ऑफलाइन लाइब्रेरी का आधुनिकीकरण और महिला अधिवक्ताओं के लिये पृथक कॉमन रूम आदि की व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है. मौके पर सह सचिव आदित्य सोनी, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र ओहदार, एमपी श्रीवास्तव, राकेश रंजन, सूरज मिश्रा, बलदेव शर्मा, शशि रंजन अखौरी, मो तौहीद सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *