अंधविश्वास का खूनी खेल: कुदाल से हमला कर बुजुर्ग की हत्या
गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र अंतर्गत पोढ़ा नागफेनी गांव में अंधविश्वास के चलते 75 वर्षीय सीताराम खड़िया की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी गयी. घटना की सूचना मिलते ही सिसई थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एसआइ संजय कुमार चौबे ने शव को कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल गुमला भेजा.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी एतवा उरांव को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की जांच जारी है. मृतक के पुत्र कुशल खड़िया ने पुलिस को दिये बयान में बताया कि गांव के एतवा उरांव को अंधविश्वास था कि उसके परिवार और बच्चों की बीमारी के पीछे सीताराम खड़िया का हाथ है तथा वह डायन-बिसाही करता है. इसी संदेह के कारण उसने वारदात को अंजाम दिया.
बताया गया कि शनिवार की रात को सीताराम खड़िया अपने घर में भोजन करने की तैयारी कर रहा था. हाथ धोने के लिये जैसे ही वह घर से बाहर निकला. उसी दौरान एतवा उरांव वहां पहुंचा और कुदाल से उसपर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल सीताराम को तत्काल अस्पताल ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने देर रात को उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद सिसई थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा अंधविश्वास से प्रेरित इस हत्या के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
