गुरुकुल में छात्रवृत्ति परीक्षा, 350 विद्यार्थियों ने लिया भाग
गुमला महिला महाविद्यालय में रविवार को गुरुकुल शिक्षण संस्थान के तत्वावधान में जिला स्तरीय छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया गया. इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क और किफायती शिक्षा के अवसर प्रदान करना है. इस परीक्षा में गणित, अंग्रेजी और सामान्य ज्ञान विषयों से 100 प्रश्न पूछे गये. इस परीक्षा में बड़ी संख्या में विद्यार्थी उत्सुकता के साथ शामिल हुए. परीक्षा में 350 विद्यार्थियों ने अपनी भागीदारी दर्ज करायी. संस्थान की ओर से घोषित नियमों के अनुसार, परीक्षा के टॉपर विद्यार्थियों को संस्थान की ओर से प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी पूरी तरह से निःशुल्क करायी जायेगी. वहीं, अन्य विद्यार्थियों को उनके द्वारा प्राप्त अंकों के आधार पर न्यूनतम शुल्क के साथ तैयारी करने की विशेष व्यवस्था उपलब्ध करायी जायेगी.
कार्यक्रम के दौरान गुरुकुल शिक्षण संस्थान के निदेशक रविंद्र सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया. उन्होंने छात्रों को जीवन में सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने और अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया. मौके पर संस्थान के शिक्षक अंकित भगत, अनूपा कुमारी, विवेक सतपति, सुलभ लकड़ा, अमित कुमार, खिलेश्वर साहू, किशन कुमार, अमरेंद्र कुमार, अमर कुमार, विनय कुमार, शिवम बड़ाइक, साहिल कुमार, किरण कुमारी, सुशीला कुमारी, अंजु बारला, बालमुनि कुमारी, समीर उरांव, निकिता कुजूर उपस्थित थे.
