बोर्ड के निर्णय बेअसर, नगर प्रशासन से नाराज नगर परिषद के उपाध्यक्ष रमेश चीनी
गुमला सर्किट हाउस में नगर परिषद के उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत से मुलाकात कर गुमला शहर की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और उसके निदान की मांग की. रमेश कुमार चीनी ने सांसद को बताया कि नगर परिषद बोर्ड में लिए गये निर्णयों का समय पर नगर प्रशासन द्वारा पालन नहीं किया जाता है. जिसके कारण शहर के विकास कार्य बाधित हो रहे हैं और जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने गुमला शहर की साफ-सफाई, जलापूर्ति, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, होल्डिंग टैक्स और अन्य जन सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा.
मौके पर सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि जन समस्याओं का निदान करना उनका दायित्व है. उन्होंने कहा, नगर प्रशासक को समय पर काम करना होगा और काम पर ध्यान देना होगा. क्योंकि नगर परिषद चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं. उन्हें भी जनता के प्रति जवाब देना होता है. सांसद ने स्पष्ट कहा कि मैं नगर परिषद के चुने हुए जनप्रतिनिधियों के साथ हूं. जनता ने आपको चुनकर भेजा है, आपके निर्णयों का सम्मान होना चाहिए. मैं इस मामले में उपायुक्त और संबंधित अधिकारियों से बात करूंगा. ताकि बोर्ड के निर्णयों को समय पर लागू किया जा सके और गुमला की जनता को सुविधा मिले.
