गुमला

गुमला में ब्राउन शुगर बेचते दो युवक गिरफ्तार, 25 हजार का नशा बरामद

गुमला शहर के जिला स्कूल के पास एक खंडहरनुमा मकान में ब्राउन शुगर बेचने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 5.31 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि 11 अक्टूबर की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिला स्कूल के पास एक खंडहरनुमा मकान में कुछ युवक ब्राउन शुगर का सेवन और खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर दंडाधिकारी मनीष कुमार की मौजूदगी में पुलिस टीम गठित की गई. शाम करीब 6:25 बजे टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की, जहां दो युवक बैठे मिले. तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 5.31 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार साहू (22), निवासी लोहरदगा रोड आरा मिल के पीछे, तथा जगदीश उरांव उर्फ मुन्ना उरांव (29), निवासी करमटोली सरहुल नगर के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं. अमित कुमार साहू के खिलाफ गुमला थाना में अगस्त 2026 में, जबकि जगदीश उरांव के खिलाफ घाघरा थाना में जुलाई 2025 में मामला दर्ज किया गया था. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस बरामद ब्राउन शुगर के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय सप्लाई नेटवर्क का पता लगा रही है. छापेमारी टीम में थाना प्रभारी दिनेश कुमार समेत पुलिस अवर निरीक्षक विनय कुमार महतो, तरुण कुमार, सहायक अवर निरीक्षक श्याम लाल पूरती और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *