बिशुनपुर दौरे पर उपायुक्त, विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ पीटीजी परिवारों का जाना हाल
गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने बुधवार को बिशुनपुर प्रखंड का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने होलंग एवं चिपरी गांव में जल छाजन (वाटरशेड) योजना के तहत निर्मित तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों का अवलोकन कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिये. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त होलंग गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पहाड़ों के तराइयों पर रह रहे 16 पीटीजी परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना. ग्रामीणों ने वर्षों पूर्व बह चुके पुराने बांध के पुनर्निर्माण की मांग रखते हुए बताया कि बांध बनने से सिंचाई की सुविधा बढ़ेगी, खेती को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नये अवसर सृजित होने से पलायन पर भी रोक लगेगी.
ग्रामीणों की मांग पर उपायुक्त ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि गांव में सड़क, पुल एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने ग्रामीणों से खेती-बाड़ी के साथ बकरी पालन, मुर्गी पालन एवं सूकर पालन जैसे स्वरोजगार के माध्यम अपनाकर अपनी आय बढ़ाने की अपील भी की.
ड्रैगन फ्रूट की खेती बनी आकर्षण का केंद्र
दौरे के क्रम में उपायुक्त ने बिशुनपुर प्रखंड के लोंगा सखुवा टोली पहुंचकर प्रगतिशील महिला किसान जितनी देवी के खेत का निरीक्षण किया. यहां ड्रैगन फ्रूट की सफल खेती को देखकर उन्होंने महिला किसान के प्रयासों की सराहना की. जितनी देवी ने बताया कि उन्होंने बिना किसी सरकारी सहायता के केरल से 80 पौधे मंगाकर अपने खेत में लगाये थे. करीब 18 माह बाद पौधों में फल लगने शुरू हुए, जिसे वह स्थानीय बाजार में बेच रही हैं. उपायुक्त ने कहा कि यह पहल अन्य किसानों के लिये प्रेरणास्रोत है. उन्होंने इच्छुक किसानों को सरकारी स्तर पर ड्रैगन फ्रूट के पौधे उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया तथा आधुनिक एवं लाभकारी खेती अपनाने का आह्वान किया.
मतदाता सूची का किया निरीक्षण
उपायुक्त ने बिशुनपुर स्थित मध्य विद्यालय पहुंचकर एसआइआर के बाद प्रकाशित मतदाता सूची का निरीक्षण किया. उन्होंने बीएलओ से अद्यतन कार्य की जानकारी ली तथा निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और सभी योग्य मतदाताओं का नाम सूची में सुनिश्चित किया जाये.
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल संरक्षण, कृषि, स्वरोजगार एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाये. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य तभी सफल होगा, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अरविंद देवाशीष टोप्पो, कल्याण पदाधिकारी दीपंकर बैक, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अनीष कुमार, जितेंद्र भगत सहित प्रखंड एवं जिला प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित थे.
