Video : गुमला के रायडीह में बीच सड़क पर धू-धू कर जला हाईवा ट्रेलर
Video : रायडीह थाना क्षेत्र के डोबडोबी मोड़ पर मंगलवार शाम करीब चार बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब फ्लाई ऐश डस्ट लदे एक हाईवा ट्रेलर में अचानक जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई. आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई. देखते ही देखते ट्रेलर का इंजन आग की चपेट में आ गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. हादसे के कारण करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा.
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेलर संख्या CG04QG7755 डोबडोबी मोड़ से गुजर रहा था. इसी दौरान अचानक धमाके की आवाज सुनाई दी और हाईवा का डाला पलट गया. इसके तुरंत बाद ट्रेलर के इंजन में आग लग गई. इंजन से उठती भीषण लपटों को देख चालक ने बिना देर किए वाहन से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई. गनीमत रही कि चालक सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा.
बीच सड़क पर आग, दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतार
सड़क के बीचोंबीच ट्रेलर में आग लगने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. आग की भयावहता के कारण मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, तब तक ट्रेलर का पूरा इंजन जलकर राख हो चुका था.
भारतमाला सड़क निर्माण के लिए ले जाई जा रही थी फ्लाई ऐश डस्ट
जानकारी के मुताबिक, उक्त हाईवा ट्रेलर ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के डर्लीपाली से फ्लाई ऐश डस्ट लादकर भारतमाला सड़क निर्माण कार्य के लिए शंखमोड़ की ओर जा रहा था. इसी दौरान डोबडोबी मोड़ पर यह हादसा हो गया. आग की विकराल लपटों पर काबू पाने में अग्निशमन विभाग के विनोद कुमार सिंह, प्रज्ञानंद कुंवर और राजेंद्र प्रजापति की अहम भूमिका रही. अग्निशमन कर्मियों की तत्परता से आग पर काबू पाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी.
धमाके के बाद लगी आग से ट्रेलर का इंजन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना में चालक की जान बच गई, लेकिन बीच सड़क पर हुई इस अगलगी ने करीब एक घंटे तक राहगीरों और वाहन चालकों को परेशान रखा.
