गुमला में कार-बाइक की भीषण भिड़ंत, मुंबई से दोस्त से मिलने आया रेहान गंभीर, बहन के घर जाते वक्त हादसा
गुमला सदर थाना क्षेत्र के खरका के समीप शुक्रवार दोपहर सड़क पर एक तेज रफ्तार कार और बाइक की सीधी भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में अंबवा गांव निवासी अरबाज अंसारी और उसका दोस्त मो. रेहान घायल हुआ है. रेहान मुंबई का रहने वाला बताया जा रहा है।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार अरबाज की हालत बेहद गंभीर थी.
बताया जाता है कि अरबाज कुछ समय पहले ही मुंबई से काम कर अपने गांव अंबवा लौटा था. उसका दोस्त रेहान भी उससे मिलने के लिए मुंबई से गांव आया था. शुक्रवार को दोनों बाइक से लोहरदगा स्थित अरबाज की बहन के घर जाने के लिए निकले थे. इसी दौरान खरका के पास सामने से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद कार चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना में शामिल कार की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
