गुमला

पालकोट : श्रीलंका में शहीद हुए फेदलीस एक्का को श्रद्धांजलि, CRPF ने किया वीर सपूत को नमन

गुमला के पालकोट प्रखंड के तापकारा पंचायत अंतर्गत देवगांव निवासी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान फेदलीस एक्का का शहादत दिवस शनिवार को मनाया गया. 10 अक्टूबर 1987 को श्रीलंका में उग्रवादी संगठन लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (LTTE) से मुकाबला करते हुए फेदलीस एक्का शहीद हो गए थे. उनकी शहादत को याद करते हुए CRPF की 158वीं बटालियन, लोहरदगा के डिप्टी कमांडेंट सुमित कुमार, एसआई अमोद कुमार, एसआई राधवेंद्र कुमार सहित अन्य जवानों ने शहीद के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की. इस दौरान बसिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर मरांडी और पुलिस निरीक्षक गुलशन भेंगरा ने भी श्रद्धांजलि दी.

इस अवसर पर देवगांव विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया और अधिकारियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी कमांडेंट सुमित कुमार ने कहा कि देवगांव की धरती शहीद फेदलीस एक्का के बलिदान से गौरवान्वित है. देश और CRPF उनके योगदान को हमेशा याद रखेंगे. उन्होंने कहा कि हर वर्ष 10 अक्टूबर को CRPF के जवान अपने शहीद साथी को श्रद्धांजलि देने उनके गांव आते रहेंगे और उनके परिवार के साथ खड़े रहेंगे. उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और देश सेवा के लिए तैयार रहने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा कि देश की सेवा केवल वर्दी पहनकर ही नहीं, बल्कि एक शिक्षित, जिम्मेदार और सफल नागरिक बनकर भी की जा सकती है. विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग कर अपने गांव, समाज, राज्य और देश का नाम रोशन करना चाहिए.

कार्यक्रम में शहीद की पत्नी इमिलिया एक्का, पुत्र संतोष एक्का, पुत्री बसंती एक्का, देवगांव विद्यालय के फादर बरनाबस केरकेट्टा, सिस्टर फरदीना खलखो, सिस्टर संजू सहित अन्य लोग उपस्थित थे. मौके पर गांव के महिला-पुरुषों और बच्चों ने भी शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *