Gumla : बाजार टाड़ में बनेंगे दो जलमीनार, मुर्गी दुकानों को हटाने का निर्देश
Gumla : गुमला शहर के बाजार टाड़ में दो जलमीनार बनेंगे. इसके लिए नगर परिषद गुमला ने पहल शुरू कर दी. जिस स्थान पर जलमीनार बनना है. वहां अवैध तरीके से कुछ लोगों ने कब्बाड़ी व मुर्गी की दुकान का शेड गिरा दिया है. अध्यक्ष शकुंतला उरांव व उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने हिदायत देते हुए मुर्गी दुकान व कब्बाड़ी दुकान को हटाने का निर्देश दिया है.
उपाध्यक्ष ने कहा है कि अगर अस्थायी रूप से बनाये गये अवैध दुकानें नहीं हटायी जायेगी तो बुलडोजर से दुकानों को हटवाया जायेगा. अध्यक्ष ने कहा है कि शहर में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जलमीनार निर्माण के लिए बाजार टाड़ क्षेत्र में स्थल का निरीक्षण एवं चयन किया गया. अध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर प्रस्तावित स्थान का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद मुर्गा दुकानदारों ने अपनी समस्याएं अध्यक्ष के समक्ष रखीं.
अध्यक्ष ने सभी दुकानदारों की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया. साथ ही उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ स्थानीय व्यवसायियों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जायेगा. अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलमीनार निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाये. ताकि शहरवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके. मौके पर सीटी मैनेजर हेलाल अहमद, वार्ड पार्षद मनीष कुमार साहू, मुसर्रत परवीन, साजिद मंजूर (छोटू), अनिल यादव. जीशान आलम. हरजीत सिंह सहित स्थानीय लोग मौजूद थे.
बाजार टाड़ में अवैध कब्जा, नप की भूमिका पर संदेह
गुमला शहर के एकमात्र बाजार टाड़ में अवैध कब्जा है. कई दुकानें अवैध रूप से बना ली गयी है. इसमें नगर परिषद के कुछ अधिकारियों की भूमिका पर सवाल खड़ा हो रहा है. वहीं वोट बैंक के कारण पार्षद भी चुप हैं. यही वजह है. बाजार टाड़ की सुंदरता को कुछ लोग अवैध रूप से कब्जा कर बदसूरत बना रहे हैं. इसका खुलासा तब हुआ. जब गुरुवार को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष निरीक्षण करने पहुंचे. लोगों ने कहा है कि यह कृषि बाजार है. लेकिन यहां मुर्गी व कब्बाड़ी की दुकानें अवैध रूप से चल रही है.
