आंजन धाम में टुकटुक पलटने से मची अफरातफरी, 8 लोग घायल
भगवान हनुमान की जन्मस्थली आंजन धाम में पूजा-अर्चना कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक बैटरी चालित टुकटुक (ई-रिक्शा) रविवार की दोपहर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. तेज ढलान पर ब्रेक फेल होने के कारण वाहन सड़क किनारे चट्टान से जा टकराया. हादसे में चालक समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल ऑटो से सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिये रिम्स रांची रेफर कर दिया गया.
स्थानीय युवक सुरेश मुंडा ने बताया कि घटना रविवार दोपहर करीब 12 से एक बजे के बीच हुई. गुमला से आठ श्रद्धालु टुकटुक में सवार होकर आंजन धाम में भगवान हनुमान एवं माता अंजनी के दर्शन-पूजन के लिये गये थे. दर्शन के बाद लौटने के दौरान वाहन ढलान पर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया. सुरेश मुंडा ने बताया कि आंजन धाम के इस ढलान पर आये दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. कुछ दिन पूर्व लोहरदगा जिले के एक दंपती की स्कूटी दुर्घटना में मौत भी हो चुकी है.
उन्होंने परिवहन विभाग एवं वन विभाग से सड़क के दोनों किनारों पर सुरक्षा रेलिंग लगाने, चेतावनी संकेतक स्थापित करने तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है. उनका कहना है कि आंजन धाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में यह स्थल दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुका है. जहां अब तक दर्जनों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.
