गुमला

नागफेनी में भीषण सड़क हादसा, शिव चर्चा से लौट रहे परमेश्वर सिंह की मौत

बेड़ो में आयोजित शिव चर्चा कार्यक्रम से हंसते-बोलते घर लौट रहे लोगों को नागफेनी के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने गहरे सदमे में डाल दिया. सोमवार की देर रात करीब नौ बजे गुमला-रांची मुख्य मार्ग पर नागफेनी के समीप कार और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में करंज गांव निवासी परमेश्वर सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि कार सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गयी. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. सभी घायलों और मृतक को सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद परमेश्वर सिंह को मृत घोषित कर दिया.

घायलों में कोटाम पनसो निवासी अंकित कुमार, करंज निवासी सुशील केसरी, करमडीपा निवासी कमल बड़ाइक समेत एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सुशील केसरी और कमल बड़ाइक को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया. वहीं अंकित कुमार का इलाज सदर अस्पताल में जारी है.

बताया गया कि सभी लोग बेड़ो में शिव चर्चा में शामिल होने के बाद कार से गुमला लौट रहे थे. नागफेनी के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से कार की सीधी भिड़ंत हो गयी. हादसे की खबर मिलते ही परमेश्वर सिंह के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया.

मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे पुलिस सदर अस्पताल पहुंची. एसआइ अमर शुक्ला ने शव का पंचनामा तैयार कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने घायलों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *