गुमला

गुमला में खाद्य पदार्थों की जांच से मचा हड़कंप, मिलावट पर कसेगा शिकंजा

आगामी त्योहारों को देखते हुए गुमला शहरी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ जांच अभियान चलाया. संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त (झारखंड सरकार), उपायुक्त गुमला व अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर चलाये गये इस अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी ने किया.

अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग के कुमार प्रभाकर व आशा राज भी शामिल रहे. जांच के दौरान लोहरदगा रोड स्थित फन एन फूड से लड्डू तथा गुरमीत ट्रेडर्स से सूजी व बेसन का सैंपल लिया गया. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला नामकुम (रांची) भेजा जायेगा.

लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी. इसके साथ ही अधिकारी द्वारा शहर के कई किराना दुकानों, होटलों व रेस्टोरेंटों सहित अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान खाद्य लाइसेंस, साफसफाई, एक्सपायरी डेट, वाटर टेस्ट रिपोर्ट व कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट की जांच की गयी. अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को शुद्ध व सुरक्षित सामान बेचने और नियमों का पालन करने के निर्देश दिये.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *