गुमला में सड़क सुरक्षा पर परिवहन विभाग सख्त, जांच में 56 हजार रुपये का जुर्माना वसूला
गुमला जिले में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग ने बुधवार को चैनपुर थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया. जिला परिवहन पदाधिकारी सत्येन्द्र महतो के निर्देश पर चलाये गये अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गयी. इस दौरान विभाग ने कुल 56 हजार रुपये जुर्माना वसूला.
अभियान का नेतृत्व मोटरयान निरीक्षक रॉबिन अजय सिंह और प्रदीप कुमार तिर्की ने किया. जांच दल ने चैनपुर थाना के समीप जांच चौकी लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की. अचानक हुई कार्रवाई से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया. जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, एक मोटरसाइकिल पर तीन लोगों के सवार होने सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गयी. इसके अलावा वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, परमिट, प्रदूषण प्रमाणपत्र और सड़क कर से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की गयी. आवश्यक कागजात नहीं मिलने पर संबंधित वाहन चालकों का चालान काटा गया.
मोटरयान निरीक्षक रॉबिन अजय सिंह ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी. उन्होंने कहा कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है. इसलिए वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करना जरूरी है. परिवहन विभाग ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. वाहन चालकों से सभी जरूरी दस्तावेज दुरुस्त रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गयी है.
