‘पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे वोट चोरों से’, वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का हल्ला बोल, गुमला में निकला ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’
लोकतंत्र एवं संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों तथा एसआईआर के विरोध में गुमला जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शनिवार को गांधी स्मारक इनडोर स्टेडियम से ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ निकाला गया. जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा के नेतृत्व में निकले मार्च को कांग्रेस ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष और काला दिवस के रूप में मनाया. बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता काली पट्टी और काली टी-शर्ट पहनकर मार्च में शामिल हुए.
मार्च के दौरान कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा कौन करेगा हम करेंगे”, “पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे वोट चोरों से”, “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो”, “वोट चोर कहां मिलेंगे भाजपा के दफ्तर में” जैसे नारे लगाते रहे। कार्यकर्ताओं ने एसआईआर के माध्यम से मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की. मार्च गांधी स्मारक से निकलकर कचहरी मार्ग, जशपुर रोड, पटेल चौक, मेन रोड और हाई स्कूल रोड होते हुए पुनः जशपुर रोड पहुंचा. इसके बाद मार्च बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष पहुंचा, जहां कांग्रेस नेताओं ने माल्यार्पण किया. इसके बाद सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया.
अशोक चौधरी बोले- वोट का अधिकार छीनने की कोशिश बर्दाश्त नहीं
लोकसभा प्रभारी अशोक कुमार चौधरी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र केवल चुनाव कराने से मजबूत नहीं होता, बल्कि हर पात्र नागरिक के वोट की सुरक्षा से मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर यदि किसी वास्तविक मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाया जाता है या उसके मतदान के अधिकार पर सवाल खड़ा होता है तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया था और आज संविधान तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है. वोट जनता की ताकत है. इस ताकत के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है. कांग्रेस हर स्तर पर इसका विरोध करेगी.
विजय खां ने कहा- चुनाव प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का जवाब दे चुनाव आयोग
लोकसभा सह प्रभारी विजय खां ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े सवालों का जवाब देना निर्वाचन व्यवस्था की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि जनता के मन में उठ रहे सवालों को दबाने के बजाय उनका पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता और मताधिकार की रक्षा के लिए लड़ रही है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय होकर प्रत्येक मतदाता के अधिकार की रक्षा करने का आह्वान किया.
राजनील तिग्गा बोले- एक-एक वोट की रखवाली करेगा कांग्रेस कार्यकर्ता
जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार बनाने का अधिकार जनता को है और जनता के इस अधिकार की रक्षा करना कांग्रेस का दायित्व है. उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं कटना चाहिए. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची की जांच करें और जिन मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी हो रही है, उनकी मदद करें. उन्होंने कहा, “कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता वोट की रखवाली करेगा. लोकतंत्र को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का सड़क से लेकर संवैधानिक स्तर तक विरोध किया जाएगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताए रास्ते पर चलकर संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती के लिए संघर्ष करती रहेगी.
मार्च में सीमा सीता एक्का, रोहित उरांव, संजीव उर्फ मिठु मलानी, अरुण कुमार, गुलाम सरवर, मुख्तार आलम, अजीत केरकेट्टा, राजू भगत, आदित्य भगत, प्रदीप मिंज, प्रमोद खलखो, जय कुजूर, विकास गुप्ता, स्माइल कुजूर, निलेश उरांव, मिनहाज खान, सुशील कुमार होता, रफी अली, रूपेश कुमार, जय सिंह, गंगा उरांव, चंद्रशेखर उरांव, अल्बर्ट तिग्गा, अमृता भगत, विजय ठाकुर, डॉ. चंद्र किशोर केरकेट्टा, ज्योति कुजूर, यशोदा देवी, जहांगीर आलम, फिरोज आलम, साहब वसीम, मो. मोक्तार, अभिषेक सोरेंग, कलम राय, पंचम विलुंग, मीरा हमीद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.
