‘निशा आत्महत्या नहीं कर सकती’, बहन की मौत पर दरोगा भाई ने उठाए सवाल, राजनीतिक दबाव का आरोप
आदिवासी अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाली निशा भगत की मौत का मामला अब संदेह के घेरे में आ गया है. उनकी मौत को लेकर छोटे भाई राजकुमार भगत ने गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस विभाग में दरोगा के पद पर कार्यरत राजकुमार भगत वर्तमान में चाईबासा में पदस्थापित हैं. बहन की मौत की सूचना मिलते ही वे रांची स्थित रिम्स पहुंचे.
राजकुमार भगत ने कहा कि उनकी बहन निशा आत्महत्या नहीं कर सकती थी. उन्होंने आशंका जताई कि राजनीतिक दबाव के कारण उनकी बहन की जान गई है. उनके अनुसार, निशा राजनीतिक दबाव के चलते काफी तनाव में रहती थी. उन्होंने बहन की मौत को संदेहास्पद बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. राजकुमार ने बताया कि फिलहाल रिम्स में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है.
पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद देर रात तक शव गुमला लाया जाएगा. इसके बाद परिवार की ओर से मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी जाएगी.
