पीएलएफआइ उग्रवादी मुकेश के घर पहुंची पुलिस, घर से फरार, पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार
गुमला के पालकोट थाना की पुलिस शनिवार को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआइ के कमांडर मुकेश चीक बड़ाइक के घर पहुंची. पुलिस जब पहुंची तो मुकेश घर पर नहीं था. लेकिन घर के सदस्य थे. पुलिस ने उग्रवादी के परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में मुकेश के घर इश्तेहार चिपकाया. साथ ही सरेंडर करने की अपील की. नहीं तो कुर्की जब्ती करने की चेतावनी दी है. पालकोट थाना के एएसआइ प्रमोद कुमार ने बताया कि मुकेश चीक बड़ाइक को कुछ वर्ष पूर्व पालकोट पुलिस ने तापकारा पंचायत के देवगांव चापाटोली से उसके अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था.
जेल से छूटने के बाद वह लंबे समय से न्यायालय की कार्यवाही में शामिल नहीं हो रहा था और लगातार फरार चल रहा था. हाजिर नहीं होने के कारण गुमला सिविल कोर्ट द्वारा उसके खिलाफ तामिला वारंट जारी किया गया. नोटिस तामिला करने पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों ने बताया कि मुकेश काफी समय से फरार है और कभी गांव या घर वापस नहीं आता है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि वह जल्द ही कोर्ट में आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी. मौके पर पुलिस के सशस्त्र बल के जवान उपस्थित थे.
