गुमला

प्रेम प्रसंग में युवक की आत्महत्या मामले ने नया मोड़, प्रेमिका पर प्राथमिकी दर्ज

गुमला में प्रेम प्रसंग में आत्महत्या करने वाले युवक के पिता के आवेदन के बाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. इसमें प्रेमिका पर आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगा है. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुट गयी है. शहर से सटे करौंदी नायकटोली निवासी राकेश नायक 21 वर्ष ने 22 अप्रैल की देर रात अपने कमरे में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. घटना की जानकारी अगले दिन सुबह तब हुई. जब परिजन उसे उठाने कमरे में पहुंचे थे. परिवार के अनुसार राकेश का नेतरहाट (जिला लातेहार) की एक युवती नंदनी कुमारी (19 वर्ष) के साथ प्रेम संबंध था. दोनों के परिवारों के बीच बातचीत चल रही थी और एक माह के भीतर शादी भी तय मानी जा रही थी. बताया गया कि राकेश और युवती के बीच अक्सर रात में मोबाइल पर बातचीत होती थी और घटना वाली रात भी दोनों के बीच व्हाट्सएप कॉल पर बात हुई थी.

मामले में नया मोड़ तब आया. जब मृतक के पिता संजू नायक ने गुमला थाना में लिखित आवेदन देकर युवती पर गंभीर आरोप लगाये. उन्होंने कहा कि उनकी ओर से जल्द ही लड़की के घर रिश्ता लेकर जाने की तैयारी थी और युवती भी शादी के लिए सहमत थी. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि घटना से पहले युवती द्वारा राकेश पर जल्द शादी करने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था. घटना वाली रात भी फोन पर इसी बात को लेकर बातचीत हुई. लड़की द्वारा दबाव बनाया गया. जिसके बाद मानसिक तनाव में आकर राकेश ने आत्महत्या कर ली. मृतक के पिता ने इस घटना के लिए नंदनी कुमारी को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने जांच के तहत मोबाइल कॉल डिटेल्स, व्हाट्सएप चैट, बातचीत के समय और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *