गुमला

चैनपुर में चोरों का आतंक, दुकान का अल्वेस्टर तोड़कर नकदी-सामान चोरी

(चैनपुर से अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
चैनपुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. ताजा मामला सोहन चौक स्थित नीरज झा की मनियारी दुकान का है. देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान की छत का एल्वेस्टर तोड़कर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद चोरों ने दुकान से नकदी समेत हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद दुकानदारों में नाराजगी है. साथ ही इलाके में दहशत का माहौल है. लोगों ने पुलिस से चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है.

चैनपुर बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त के दावों के बीच चोर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. सुनसान रात का फायदा उठाकर चोर दुकानों और प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहे हैं. हाल ही में टूलू पंप चोरी के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की थी, लेकिन इसके बावजूद चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. इससे बाजार क्षेत्र के दुकानदारों में चिंता और नाराजगी बढ़ रही है.

दुकानदार नीरज झा ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे वे दुकान में झाड़ू लगाने पहुंचे. ताला खोलते ही अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. दुकान की छत का अल्वेस्टर टूटा हुआ था और नीचे एक बड़ा पत्थर पड़ा था. चोरों ने दुकान में रखे करीब 5 हजार रुपये नकद के साथ कुरकुरे, कोल्ड ड्रिंक्स, सिगरेट और अन्य सामान चोरी कर लिया.

हैरानी की बात यह है कि चोरों ने दुकान के अंदर ही लाइट जलाकर आराम से सामान खाया-पिया. इसके बाद दुकान के बाहर सेवन शॉट समेत कई अन्य पटाखे भी जलाए. घटना में दुकानदार को करीब 25 से 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है.

सूचना मिलते ही चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस आसपास के संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बाजार के दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *