गुमला

छह दोस्तों की आंखों के सामने चेकडैम के चक्रवाती बहाव ने लील ली सन्नी की जिंदगी

गुमला के कुलाबीरा पंचायत स्थित चेकडैम शुक्रवार की दोपहर का उठे चक्रवाती पानी में 18 वर्षीय सन्नी कुमार सिंह समा गया. जिससे उसकी मौत हो गयी. घटना के वक्त सन्नी के छह दोस्त भी थे. परंतु वे सन्नी को बचा नहीं सके. बताया जा रहा है कि छह दोस्त गर्मी से राहत पाने और मस्ती करने के लिए चेकडैम में नहाने पहुंचे थे. लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि कुछ ही मिनटों में उनमें से एक दोस्त हमेशा के लिए उनसे बिछड़ जायेगा. तेज बहाव और चक्रवाती पानी ने 18 वर्षीय सन्नी कुमार सिंह को दोस्तों की आंखों के सामने अपनी आगोश में समा लिया. घटना में टोटो निवासी सन्नी कुमार सिंह की मौत हुई है.

बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सन्नी अपने छह दोस्तों मनीष कुमार, करन गोस्वामी, विष्णु कुमार, कुशल प्रजापति, विक्रम साहू व एक अन्य के साथ कुलाबीरा पंचायत स्थित चेकडैम में नहाने पहुंचे थे. भीषण गर्मी के बीच सभी दोस्त हंसी-मजाक करते हुए पानी में छलांग लगा रहे थे. चेकडैम में उस समय पानी का बहाव काफी तेज था. ग्रामीणों ने चेकडैम को बांध रखा था और पानी निकासी के लिए बड़े-बड़े पाइप लगाये गये थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही सभी दोस्तों ने पानी में छलांग लगायी. उसी दौरान सन्नी अचानक तेज चक्रवाती बहाव की चपेट में आ गया.

देखते ही देखते वह पाइप की ओर खिंचता चला गया. दोस्तों ने उसे पकड़ने और बचाने की कोशिश की. लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि सन्नी कुछ ही सेकेंड में पाइप के भीतर समा गया. दोस्तों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा. “बचाओ-बचाओ” की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे. किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि कुछ पल पहले हंसता-खेलता युवक अचानक मौत के मुंह में समा गया. ग्रामीण तुरंत चेकडैम के नीचे उतरे और पाइप के भीतर फंसे सन्नी को निकालने के लिए घंटों मशक्कत करते रहे. काफी प्रयास के बाद जब सन्नी को पाइप के अंदर से बाहर निकाला गया. तब तक बहुत देर हो चुकी थी. उसकी मौत हो चुकी थीं. घटना की सूचना मिलने पर उर्मी पुलिस पिकेट के प्रभारी अम्पा हेम्ब्रोम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *