खेल

14वीं वर्षगांठ पर विंग्स आइटी में प्रतिभाओं का दिखा हुनर

गुमला शहर के पालकोट रोड स्थित विंग्स आइटी कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र की 14वीं वर्षगांठ पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इसी क्रम में लूडो और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित हुई. इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. लूडो प्रतियोगिता में कुल 184 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला.

बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुस्कान परवीन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंजलि कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं. प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखा गया. प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. वहीं, मेहंदी प्रतियोगिता में 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया. इसमें छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मकता का परिचय देते हुए हाथों पर आकर्षक मेहंदी की विभिन्न डिजाइनों को उकेरा. प्रतिभागियों की सुंदर कलाकृतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया. प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी छिपी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर मिला.

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास प्राथमिकता है : निदेशक

संस्थान के निदेशक अमित कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियां भी आवश्यक हैं. इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, प्रतिभा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है. उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के शिक्षक एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. मौके पर पूनम, उत्तम, अभिषेक, हरि, अमरदीप, संतोष, सपना, पूजा, महिमा, निकिता, दिव्या, नम्रता, उषा, मोश्मी, तपेश्वरी एवं सदाफ सहित संस्थान के शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित थे.

14 वर्षों से तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय

विंग्स आइटी कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र पिछले 14 वर्षों से विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है. इसके साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर शैक्षणिक, रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है. वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आपसी सहयोग, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर प्रदान किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *