शिक्षिका स्कूल गई, पीछे से घर में घुसे चोर; नकदी-जेवर पर किया हाथ साफ
गुमला शहर के मिशन चौक स्थित दाड़ूटोली में दिनदहाड़े चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. अज्ञात चोरों ने सरस्वती शिशु मंदिर, शिवनगर की शिक्षिका आरती कुमारी के किराए के घर को निशाना बनाया. चोर ग्रिल और कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और घर में रखी नकदी के अलावा सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए. घटना के समय शिक्षिका स्कूल गई हुई थीं. दोपहर में जब वह वापस घर लौटीं तो ग्रिल और कमरे का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए. अंदर प्रवेश करने पर कमरे का सामान बिखरा पड़ा था.
बक्से का ताला भी टूटा हुआ मिला. घर से नकदी और जेवरात गायब मिलने के बाद उन्होंने तत्काल सदर थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की. सूचना मिलते ही एएसआई श्यामलाल पूर्ति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की. पुलिस ने घर के आसपास की स्थिति का जायजा लेने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को भी खंगाला. फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान करने और चोरों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है.
ताला लगाकर स्कूल गई थीं शिक्षिका आरती कुमारी ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से चैनपुर की रहने वाली हैं और वर्तमान में गुमला के मिशन चौक स्थित दाड़ूटोली में ललिता मिंज के मकान में किराए पर रहती हैं. रोज की तरह वह घर में ताला लगाकर स्कूल चली गई थीं. स्कूल से लौटने पर घर की स्थिति देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई. उन्होंने बताया कि चोरों ने पहले घर के ग्रिल का ताला तोड़ा और फिर कमरे में प्रवेश कर चोरी की. इसके बाद बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सामान और कीमती जेवरात निकाल लिए.
दिनदहाड़े चोरी से आसपास के लोग भी सहमे
शहर के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना सामने आने के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत है. स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरों ने घर में किसी के नहीं होने की रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया होगा. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
